एसपी विनोद कुमार और डीएसपी योगराज चंदेल सहित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहीदों के बलिदान को किया नमन
बद्दी, 21 अक्टूबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी में शहीद पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद कुमार और डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल सहित उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों तथा अर्धसैनिक बलों के जवानों को याद किया गया।
उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश सेवा और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। जिला बद्दी पुलिस ने सभी शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके योगदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प दोहराया।










