/आठ महीने में राजकोषीय घाटा 43.4 प्रतिशत बढ़ा, सुक्खू सरकार का बजट नियोजन फेल : जयराम ठाकुर

आठ महीने में राजकोषीय घाटा 43.4 प्रतिशत बढ़ा, सुक्खू सरकार का बजट नियोजन फेल : जयराम ठाकुर

शिमला, 23 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बजट बनाने और आर्थिक नियोजन को लेकर किए जा रहे दावे हकीकत से मेल नहीं खाते। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में सरकार ने राजकोषीय घाटे का अनुमान 9,648 करोड़ रुपये रखा था, लेकिन महज आठ महीने में यह बढ़कर 13,836 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस तरह घाटे में 4,188 करोड़ रुपये यानी करीब 43.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

जयराम ठाकुर ने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार से बजट अनुमान के मुकाबले 2,529 करोड़ रुपये अधिक मिलने के बावजूद राजकोषीय घाटा इतना क्यों बढ़ गया?

उन्होंने कहा कि सीसीएस के तहत 2,229 करोड़ और केंद्रीय हिस्सेदारी में 300 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलने के बावजूद सरकार की वित्तीय स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा। ऐसे में मुख्यमंत्री के वर्ष 2027 तक हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के दावे पर भी सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में प्रदेश सरकार का अनुपूरक बजट 40,461 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो मूल बजट का 69.01 प्रतिशत है। यह सरकार के वित्तीय आकलन और बजट नियोजन की कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अपने दो बजटों में पूंजीगत व्यय के लिए निर्धारित राशि का पूरा उपयोग नहीं कर पाई और विकास कार्यों के लिए रखी गई धनराशि खर्च करने में विफल रही।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने बिजली, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बजट में भारी कटौती की है। उनके अनुसार विद्युत क्षेत्र के बजट में 56.12 प्रतिशत, जलापूर्ति में 42 प्रतिशत, प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा में 44 प्रतिशत, स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद में 47 प्रतिशत, ग्रामीण विकास में 52 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं सामाजिक कल्याण के बजट में 62 प्रतिशत की कटौती की गई है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े क्षेत्रों में बजट कम करना प्रदेश के विकास और आम जनता के हितों के लिए चिंताजनक है।

सामाजिक कल्याण के बजट में कटौती से कमजोर और जरूरतमंद वर्गों पर भी असर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि केवल पढ़-लिखकर बजट बनाने का दावा करने से आर्थिक प्रबंधन नहीं होता। इसके लिए वित्तीय अनुशासन, दूरदर्शिता और उपलब्ध संसाधनों का सही आकलन जरूरी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि चार बजट पेश करने के बाद भी वित्तीय नियोजन कमजोर क्यों है? मूल बजट के मुकाबले इतना बड़ा अनुपूरक बजट क्यों लाना पड़ा? राजकोषीय घाटा लगातार क्यों बढ़ रहा है और विकास कार्यों के लिए निर्धारित धनराशि पूरी तरह खर्च क्यों नहीं हो पा रही है?

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से प्रदेश की जनता को इन सवालों का जवाब देने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के वित्तीय फैसले हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के बजाय कर्ज और आर्थिक बदहाली की ओर धकेल रहे हैं।