चुनाव टालने से लेकर अदालत तक जाने की रणनीति रही विफल।
शिमला, 26 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
भाजपा नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने नादौन बीडीसी के उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत को कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के लिए बड़ा राजनीतिक झटका बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अपने गृह विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की हार प्रदेश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों का संकेत है और इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है।
सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि नादौन बीडीसी उपाध्यक्ष पद का चुनाव लंबे समय तक टालने और मामला अदालत तक ले जाने के बावजूद कांग्रेस अपनी रणनीति में सफल नहीं हो पाई। पर्याप्त संख्या बल नहीं होने के कारण आखिरकार कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने ही विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को जीत नहीं दिला पाए। यह परिणाम कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस का काउंटडाउन शुरू हो चुका है।
भाजपा विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में संख्या बल और जनमत का सम्मान सर्वोपरि है। चुनावी प्रक्रिया को लंबे समय तक टालने से राजनीतिक वास्तविकताएं नहीं बदलतीं। नादौन का चुनाव परिणाम कांग्रेस की रणनीति की विफलता को दर्शाता है।
सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार के व्यवस्था परिवर्तन के दावे पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार में व्यवस्था परिवर्तन के बजाय व्यवस्था पतन की स्थिति बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय सरकार अपनी राजनीतिक स्थिति बचाने में जुटी हुई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनाव परिणामों से सबक लेते हुए आत्ममंथन करने की सलाह दी। साथ ही नादौन बीडीसी के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास का परिणाम है।






