/सावधान बीबीएन ! फेसबुक पर इटली का अमीर व्यक्ति बनकर लोगों को ठगने की कोशिश।

सावधान बीबीएन ! फेसबुक पर इटली का अमीर व्यक्ति बनकर लोगों को ठगने की कोशिश।

पाकिस्तान के नंबरों से आ रहे व्हाट्सएप कॉल

बीबीएन 27 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल के औद्योगिक नगरी बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में डिजिटल ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए आए दिन नए-नए तरीके अपना रहे हैं।

ऐसा ही एक ताजा मामला सामने आया है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति फेसबुक के माध्यम से खुद को इटली का अमीर व्यक्ति बताकर लोगों से संपर्क साधने और आर्थिक मदद देने का दावा कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह व्यक्ति अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर लोगों को अपने झांसे में लेने का प्रयास कर रहा है। जिन नंबरों से संपर्क किया जा रहा है, उनमें 923558865399, 923180423266 और 923225849842 शामिल हैं। ये पाकिस्तान के कंट्री कोड (+92) वाले नंबर हैं।

हैरानी की बात यह है कि हिम नयन न्यूज़ के एडिटर से संपर्क होने के दौरान भी उक्त व्यक्ति खुद को पाकिस्तानी नागरिक मानने से इनकार करता रहा और भारत के लोगों की आर्थिक मदद करने का दावा करता रहा।

हालांकि, उसके संपर्क करने के तरीके और अलग-अलग विदेशी नंबरों के इस्तेमाल ने उसकी मंशा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संभावना जताई जा रही है कि इस तरह के संपर्क के जरिए लोगों की व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर साइबर ठगी या बैंक खातों तक अनधिकृत पहुंच बनाने की कोशिश की जा सकती है।

हिम नयन न्यूज़ की अपील

हिम नयन न्यूज़ आम जनता से अपील करता है कि फेसबुक या व्हाट्सएप पर इस तरह के अनजान व्यक्तियों के आर्थिक मदद के प्रस्तावों पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या व्यक्तिगत दस्तावेज साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

ऐसे नंबरों से संपर्क होने पर उन्हें ब्लॉक करने के साथ साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।

संदिग्ध नंबरों की जानकारी पुलिस के साइबर क्राइम विंग को भी उपलब्ध करवाएं, ताकि समय रहते ऐसे प्रयासों पर निगरानी रखी जा सके और आम लोगों को साइबर ठगी का शिकार होने से बचाया जा सके।