/प्रदेश में चौतरफा अव्यवस्था, किस बात का जश्न मना रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर

प्रदेश में चौतरफा अव्यवस्था, किस बात का जश्न मना रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर

लोगों से सुविधाएं छीनकर और टैक्स लगाकर विकास रोकने वाली सरकार जश्न पर खर्च कर रही करोड़ों रुपये

शिमला 27 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर जश्न मनाने की तैयारियों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारों तरफ अव्यवस्था का माहौल है, मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हैं और विकास कार्य ठप पड़े हैं, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की उपलब्धियों का जश्न मनाने में जुटे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस कार्यकाल में प्रदेश के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा हो और उनसे एक के बाद एक सुविधाएं छीनी गई हों, उसका जश्न मनाने का कोई औचित्य नहीं है। सरकार को अपनी नाकामियों के उत्सव पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बजाय यह धनराशि प्रदेश के विकास पर लगानी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कें आज भी बदहाल हैं। कई स्थानों पर जहां पहले वाहन चलते थे, वहां अब खच्चरों के सहारे आवाजाही हो रही है। उन्होंने पीडीएनए की धनराशि के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आपदा प्रभावित मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के बजाय इसका दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सत्ता में आने के बाद सुख की सरकार का नारा दिया था, लेकिन प्रदेश में शुल्क और टैक्स लगाने का सिलसिला जारी है। अस्पतालों में निःशुल्क एक्स-रे जैसी सुविधाएं भी लोगों से छीनी जा रही हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।

सरकारी स्कूलों से 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों के नामांकन वापस लेने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इसके बावजूद सरकार शिक्षा क्षेत्र में उपलब्धियों का ढोल पीट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की भारी कमी है और मरहम-पट्टी, इंजेक्शन, रुई तथा स्पिरिट जैसी बुनियादी सामग्री तक उपलब्ध नहीं है।

ऐसे हालात में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के दावे और रोबोटिक सर्जरी मशीनों की खरीद का प्रचार करना वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने जैसा है।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हत्या, महिलाओं के साथ अपराध, दुष्कर्म, फिरौती और चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सरकार स्थायी डीजीपी और मुख्य सचिव की नियुक्ति तक नहीं कर पाई है।

इसके बावजूद व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर जश्न मनाने की तैयारी की जा रही है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के संरक्षण में मित्र मंडल और अधिकारियों की मनमानी चल रही है तथा प्रदेश के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर लगातार बढ़ते कर्ज और बिगड़ती आर्थिक स्थिति के बीच सरकार का जश्न मनाने का फैसला समझ से परे है।

उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से मांग की कि वह मुख्यमंत्री से जवाब तलब करे कि आखिर प्रदेश में ऐसी कौन-सी उपलब्धियां हासिल हुई हैं, जिनके लिए करोड़ों रुपये खर्च कर जश्न मनाया जा रहा है।