परिवारों को समझाइश के साथ अपराधियों को सख्त चेतावनी।
बेंगलुरु, 29 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा ।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में अपराध और संगठित गिरोहों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने नई रणनीति अपनाई है। अब आईजीपी और डीआईजी रैंक के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं हिस्ट्रीशीटरों और राउडी शीटरों के घर पहुंचकर उन्हें अपराध से दूर रहने की चेतावनी दे रहे हैं। साथ ही उनके परिवारों, विशेषकर महिलाओं से भी अपने बच्चों को सही रास्ते पर लाने में सहयोग की अपील की जा रही है।

इस अभियान के तहत पुलिस की एंटी-राउडी स्क्वाड व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पहले इस टीम की कमान डीसीपी या एसीपी स्तर के अधिकारियों के पास होती थी, लेकिन अब इसे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) के सीधे नियंत्रण में रखा गया है। बेंगलुरु पुलिस कमिश्नरेट को पांच हिस्सों में बांटने के बाद प्रत्येक क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है।
पूर्वी बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर डॉ. पीएस हर्षा ने एक राउडी शीटर शिवराज के घर पहुंचकर उसकी मां दुर्गम्मा से हाथ जोड़कर बेटे को अपराध का रास्ता छोड़ने की अपील की।
उन्होंने शिवराज को अपना व्यवहार सुधारने और नियमित रूप से पुलिस थाने में हाजिरी लगाने की हिदायत भी दी। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने पर गिरफ्तारी और जेल भेजने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों को चेतावनी देने के साथ उनके परिवारों को भी सहयोगी बनाना है।
जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करने की बात भी कही जा रही है।
एडीजीपी हेमंत निम्बालकर ने स्पष्ट किया है कि यह कोई एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि इसे लंबे समय तक जारी रखने की योजना है।










