/मतदाता सूचियों को शुद्ध एवं त्रुटिरहित व अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से 21 जुलाई से 21 अगस्त तक विशेष अभियान होगा आयोजित ।

मतदाता सूचियों को शुद्ध एवं त्रुटिरहित व अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से 21 जुलाई से 21 अगस्त तक विशेष अभियान होगा आयोजित ।

नालागढ़ 22 जुलाई,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /नयना वर्मा

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 51-नालागढ़ व 52-दून विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूचियों को शुद्ध एवं त्रुटिरहित व अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से फाटोयुक्त मतदाता सूचियों में विद्यमान प्रविष्टियों का सत्यापन किया जाएगा। यह जानकारी उपमण्डलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने दी।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष या इससे अधिक की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों के छूटे नामों को निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करने, 01 अक्तूबर, 2024 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले भावी मतदाताओं की सूची बनाने, दोहरे पंजीकृत/मृत/स्थाई रूप से स्थानांतरित मतदाताओं का विवरण प्राप्त करने, फोटो मतदाता सूची में विद्यमान मतदाताओं की खराब व धंुधली फोटो को अद्यतन रंगीन फोटो से परिवर्तित करने, दिव्यांग मतदाताओं की पहचान, मतदान केन्द्र भवन की फोटो व जानकारी अपलोड करने तथा मतदान केन्द्रों की जनसंख्या की जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान 21 जुलाई से 21 अगस्त, 2023 तक चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान बी.एल.ओ अपने-अपने मतदान केन्द्र के क्षेत्रांतगत घर-घर जाकर परिवार के मुखिया की सहायता से उपरवर्णित कार्य को निष्पादित करेंगे।
दिव्यांशु सिंगल ने समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि विधानसभा क्षेत्र में स्थापित सभी मतदान केन्द्रों पर अपने-अपने दलों से सम्बन्धित बूथ लेवल एजेन्टों की नियुक्ति करके उन्हें उपरोक्त कार्य के लिए नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों को घर-घर जाकर सत्यापन कार्य के दौरान सहयोग प्रदान करने के निर्देश जारी करें ताकि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके।
उन्होंने समस्त गैर सरकारी संस्थानों, महिला मण्डलों, युवा मण्डलों व आम जनता से भी आग्रह किया कि उपरोक्त कार्य के निष्पादन में कार्यरत बूथ लेवल अधिकारियों को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें।