एसपी विनोद कुमार के निर्देशों पर बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बद्दी, 31 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
औद्योगिक नगरी बीबीएन में त्योहारी सीजन में बाजारों और प्रमुख सड़कों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए बद्दी पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशों पर बद्दी, नालागढ़ और बरोटीवाला के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

इसके साथ ही यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस की सहायता के लिए ट्रैफिक वॉलंटियर भी लगाए गए हैं।
पुलिस ने बाजारों, संकरे मार्गों, बॉटलनेक प्वाइंट्स और अधिक यातायात दबाव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी शुरू की है, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों में लोगों और वाहनों की संख्या बढ़ने से गलत पार्किंग, नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करना तथा सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग जाम का कारण बनती है। इसे रोकने के लिए पुलिस टीमें लगातार फील्ड में तैनात रहकर यातायात व्यवस्था पर नजर रख रही हैं।

एसपी बद्दी विनोद कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान आम जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध करवाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने, नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने और सड़क पर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बद्दी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और सड़क पर अनावश्यक पार्किंग से बचें। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों और ट्रैफिक वॉलंटियर का सहयोग करें।

पुलिस के अनुसार त्योहारी सीजन के दौरान यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंधन और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।










