रिज मैदान पर इंदिरा गांधी को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, सरदार पटेल की जयंती पर किया नमन।
शिमला, 31 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संकल्प दिवस मनाया गया। मुख्यमंत्री ने भारत के लौह पुरुष एवं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने में अतुलनीय योगदान रहा है। इंदिरा गांधी साहस, दृढ़ संकल्प और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कड़े निर्णय लेने की क्षमता के लिए जानी जाती हैं। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उनके नेतृत्व ने भारतीय इतिहास में निर्णायक अध्याय जोड़ा, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का उदय हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, पूर्व रियासतों के शासकों के प्रिवी पर्स की समाप्ति सहित कई ऐतिहासिक निर्णय लिए।
इनका उद्देश्य आर्थिक असमानताओं को कम करना और विकास का लाभ समाज के व्यापक वर्गों तक पहुंचाना था। राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उनके सर्वोच्च बलिदान में भी झलकती है। देश की सेवा करते हुए उन्होंने अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय करवाने में उनकी निर्णायक भूमिका रही। हैदराबाद और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न रियासतों को भारतीय संघ के साथ एकजुट करने में उनके प्रशासनिक कौशल और राजनीतिक दृढ़ता ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उनके प्रयासों से एक सशक्त और एकीकृत भारत की नींव मजबूत हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
मतदान का अधिकार स्वतंत्रता के बाद देश की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतों में हेराफेरी से जुड़े आरोपों को गंभीर विषय बताते हुए उनकी पारदर्शी जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए इन मुद्दों को उठा रही है।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार पटेल की विरासत देशवासियों को राष्ट्रीय एकता बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा सशक्त, समावेशी और प्रगतिशील भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करती रहेगी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित नगर निगम पार्षद एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








