मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जताया शोक, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश
शिमला, 31 अक्टूबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
शिमला जिले के रोहड़ू पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरोटी के पनू नाला के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायल व्यक्ति को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने और उसके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रखने को कहा है।
उन्होंने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
मुख्यमंत्री ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।








