/उपायुक्त सोलन ने वर्षा से क्षतिग्रस्त घनीरी गांव का दौरा किया ।

उपायुक्त सोलन ने वर्षा से क्षतिग्रस्त घनीरी गांव का दौरा किया ।

नालागढ़, 7 सितम्बर

हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।


उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने रविवार को नालागढ़ उपमण्डल की ग्राम पंचायत बाह के घनीरी गांव का दौरा कर भारी वर्षा से हुई क्षति का जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि यहां लगभग 25 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे करीब 200 लोग प्रभावित हुए हैं। सभी प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त विद्यालयों को अस्थाई स्थानों पर चलाने, प्रभावित परिवारों के लिए पुनर्निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने, तथा अवरुद्ध सड़कें, पेयजल व विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही इच्छाधारी मंदिर के समीप क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत और प्रभावित क्षेत्रों में मनरेगा कार्य प्राथमिकता से करवाने को कहा।

उन्होंने परिवहन निगम को असुविधा से बचाने के लिए बस प्रबंधन सुनिश्चित करने और पशुओं हेतु अस्थाई शेड बनाने के भी आदेश दिए।


नालागढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू स्वयं आपदा की स्थिति पर नजर रख रहे हैं और प्रभावितों को समय पर हरसंभव सहायता दी जाएगी।

इस मौके पर पंचायत प्रधान रिश्मा देवी, एसडीएम नालागढ़ राजकुमार, तहसीलदार बद्दी सतिन्द्र जीत, तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।