धर्मपुर (सोलन), 12 सितम्बर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।
सीएचसी धर्मपुर से पुलिस थाना धर्मपुर को 10 सितम्बर की रात सूचना मिली कि एक व्यक्ति को उपचार हेतु लाया गया, जिसे चिकित्सकों ने brought dead घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान मेदराम (38) पुत्र लीला दत्त, निवासी गांव हरिपुर डाकघर कुमारहट्टी, तहसील एवं जिला सोलन के रूप में हुई। वह एमएमयू सुलतानपुर में मैस में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, मृतक जब रात को घर लौट रहा था तो घर के समीप सड़क पर वह गिरा हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने बताया कि उसके मोबाइल की टॉर्च जल रही थी और उसे तत्काल सीएचसी धर्मपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

निरीक्षण के दौरान मृतक के सिर व गर्दन पर गहरी चोटें पाई गईं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान नहीं मिले। परिजनों और ग्रामीणों ने बयान में कहा कि मौत संभवतः फिसलकर गिरने से हुई है और किसी प्रकार की आशंका व्यक्त नहीं की गई है।
पुलिस ने शव का 11 सितम्बर को पोस्टमार्टम करवा कर विसरा संरक्षित किया है, जिसे रासायनिक परीक्षण हेतु राज्य न्यायालयिक प्रयोगशाला जुंगा भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम उपरांत शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले में पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस, 2023 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है और जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जारी है।










