/पीएम विश्वकर्मा योजना की दूसरी वर्षगांठ उद्योग निदेशालय ने मनाई

पीएम विश्वकर्मा योजना की दूसरी वर्षगांठ उद्योग निदेशालय ने मनाई

शिमला 17 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

उद्योग निदेशालय, हिमाचल प्रदेश ने बुधवार को पीएम विश्वकर्मा योजना की दूसरी वर्षगांठ अपने शिमला स्थित मुख्यालय में मनाई। इस अवसर के मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) आर.डी. नजीम (आईएएस) रहे।

कार्यक्रम में उद्योग निदेशक डॉ. यूनुस (आईएएस), अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) डॉ. हरीश गज्जू (एचएएस), संयुक्त निदेशक सुश्री दीपिका खत्री व अनिल ठाकुर, उप निदेशक अंबिका सूद, जीएम डीआईसी संजय कंवर सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। एमएसएमई व बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधि तथा योजना के लाभार्थियों ने भी सीधे वर्चुअल माध्यम से सभी 12 जिलों से भागीदारी की।

अपने स्वागत संबोधन में डॉ. यूनुस ने बताया कि योजना के अंतर्गत अब तक 19,000 से अधिक आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 12,000 कारीगरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने कारीगरों के कौशल संवर्धन और आजीविका सशक्तिकरण हेतु विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री नजीम ने पीएम विश्वकर्मा डॉक्यूमेंट्री के विमोचन से किया, जिसमें प्रदेशभर के पारंपरिक कारीगरों की प्रेरणादायक कहानियाँ प्रदर्शित की गईं। उन्होंने विभिन्न जिलों के लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव सुने और योजना से आए सकारात्मक बदलावों को जाना।

फेलिसिटेशन समारोह के दौरान कारीगरों ने अपने आत्मविश्वास और बाजार में तैयारियों को साझा किया। नजीम ने हिमाचली हस्तशिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने में उनकी भूमिका की सराहना की और भारत सरकार व एमएसएमई मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राजनीश (आईएएस) का आभार जताया।

इस अवसर पर तिलक राज शर्मा, एडीआई उद्योग ने कहा कि निदेशालय पारंपरिक कौशल को प्रोत्साहन देने, ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ बनाने और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए संकल्पबद्ध है।