बद्दी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार पर साधा निशाना
नेशनल हाईवे अधिकारियों का किया जाएगा पुतला दहन।
बद्दी, 7 अक्टूबर ,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /रजनीश ठाकुर।
कांग्रेस विधायक राम कुमार दून ने आज बद्दी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार और नेशनल हाईवे अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “केंद्र सरकार हिमाचल के साथ बुरा सलूक कर रही है।” उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोगों ने भी केंद्र सरकार बनाने में अपना योगदान दिया, मगर बदले में उन्हें उपेक्षा ही मिली है।

विधायक राम कुमार ने कहा कि नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट में लगातार देरी और स्थानीय जनता की अनदेखी ने क्षेत्र के विकास को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा —
“हमारे लोगों के वोट से केंद्र की सरकार बनी है, लेकिन अब वही लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। आखिर हमारे लोगों का क्या कसूर है, इसका जवाब नेशनल हाईवे के अधिकारी दें।”

विधायक दून ने शिमला के सांसद सुरेश कश्यप को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि “सिर्फ संसद में मुद्दा उठाने से कुछ नहीं होता, जनता के बीच आकर उनके हक की लड़ाई लड़नी चाहिए।”
उन्होंने सांसद से अपील की कि वे बद्दी और आसपास के क्षेत्रों में जाकर लोगों की आवाज उठाएं।
राम कुमार दून ने बद्दी में मौजूद भाजपा नेताओं से भी कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि जनता के हक की लड़ाई लड़ने का है। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे की धीमी गति और लापरवाही ने उद्योग क्षेत्र के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशान कर रखा है।
कांग्रेस विधायक ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो नेशनल हाईवे अधिकारियों का पुतला दहन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन बद्दी से लेकर दिल्ली तक चलेगा और जनता के हक के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
राम कुमार दून ने कहा कि हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (BBN) की सड़कें देश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान दे रही हैं, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार की उपेक्षा और धीमी परियोजना गति से लोगों में गहरा असंतोष है।
उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार और विभाग ने ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में जनता सड़क पर उतर कर अपना हक मांगने पर मजबूर होगी।








