/शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करों की ₹17 लाख की अवैध संपत्ति जब्त।

शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करों की ₹17 लाख की अवैध संपत्ति जब्त।

शिमला, 27 जुलाई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग ₹17 लाख मूल्य की अवैध संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में महेन्दली पुल के समीप पंजाब निवासी जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह के कब्जे से उनकी टैक्सी में 83 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।

पुलिस ने वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया था। जांच के दौरान बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज स्थापित कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया तथा उनके विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है।

वित्तीय जांच में यह सामने आया कि पूर्व में गिरफ्तार आरोपी शुभम दरकाल, निवासी चिड़गांव, ने नशा तस्करी से अर्जित अवैध आय से एक लक्जरी वाहन खरीदा था। इसके अलावा मामले में बरामद नकद राशि भी नशा तस्करी से अर्जित अवैध कमाई पाई गई। इसके आधार पर NDPS Act की धारा 68F के तहत लगभग ₹17 लाख मूल्य की संपत्ति (लक्जरी वाहन एवं नकद राशि) को फ्रीज/जब्त करने के आदेश जारी किए गए।


शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक वित्तीय अन्वेषण के आधार पर 7 मामलों में 25 आरोपियों की कुल ₹4.29 करोड़ मूल्य की अवैध संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। पुलिस का दावा है कि यह वर्ष 2026 में हिमाचल प्रदेश के किसी भी जिला पुलिस द्वारा की गई सबसे बड़ी संपत्ति जब्ती की कार्रवाई है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 और 2025 में इस प्रकार की कोई संपत्ति जब्ती नहीं हुई थी, जबकि अब मिशन मोड में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल आरोपियों के विरुद्ध केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें भी कानून के अनुसार जब्त किया जाएगा, ताकि नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।