/लगातार तीसरे दिन बद्दी पुलिस का बड़ा एक्शन, 399.5 किलो अफीम डोडे बरामद, आरोपी गिरफ्तार

लगातार तीसरे दिन बद्दी पुलिस का बड़ा एक्शन, 399.5 किलो अफीम डोडे बरामद, आरोपी गिरफ्तार

बीबीएन, 26 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

बद्दी पुलिस ने अवैध नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार तीसरे दिन बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 399.500 किलोग्राम अफीम डोडे बरामद किए हैं।

इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने वार्ड नंबर-9, नालागढ़ में सरकारी स्कूल के समीप एक महिंद्रा फोर व्हीलर (HP12K-6668) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में रखे 20 प्लास्टिक के बोरों से कुल 399.500 किलोग्राम अफीम डोडे बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेकर राकेश कुमार पुत्र लक्ष्मी चंद, निवासी गांव मनलोग खुर्द, डाकघर चमदार, तहसील रामशहर, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि बद्दी पुलिस ने इससे पहले 24 जुलाई को 58.212 किलोग्राम चूरा-पोस्त तथा 25 जुलाई को 4.048 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। लगातार तीसरे दिन हुई इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों पर पुलिस की सख्ती साफ दिखाई दे रही है।

बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशा कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।