सोलन, 26 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के अंतर्गत आयुर्वेद विभाग के सभी मेडिकल अधिकारियों के लिए आज वर्चुअल माध्यम से जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
सत्र की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने की।
डॉ. अजय पाठक ने आयुर्वेद विभाग से जुड़े सभी स्वास्थ्य संस्थानों से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन पोर्टल पर अपना पंजीकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्य कर्मियों का पंजीकरण आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ और डिजिटल बनाया जा रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
जिला समन्वयक रविंदर कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, आभा (ABHA), हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (HPR) तथा हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR) के उद्देश्य, उपयोगिता और पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान प्रतिभागियों की पंजीकरण संबंधी एवं तकनीकी समस्याओं का भी समाधान किया गया।







