/मेहली-शोघी बाईपास के नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव।

मेहली-शोघी बाईपास के नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव।

पहचान में जुटी पुलिस

शिमला, 25 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

शिमला के मेहली-शोघी बाईपास पर एक नाले से अज्ञात व्यक्ति का अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने शव को एसडीआरएफ (HP SDRF) की सहायता से नाले से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को पुलिस चौकी शोघी को सूचना मिली कि मेहली-शोघी बाईपास स्थित एक नाले में शव पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां नाले के बीच पत्थरों में फंसा एक अज्ञात पुरुष का शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में मिला।

एचपी एसडीआरएफ की टीम की मदद से शव को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में शव करीब 20 से 25 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव पूरी तरह से गल चुका होने के कारण उसकी पहचान करना बेहद कठिन हो रहा है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की दाहिनी बाजू पर “ॐ” का टैटू बना हुआ है, जो पहचान का महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है।

फिलहाल पुलिस ने शव की शिनाख्त और मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस विवरण के आधार पर मृतक की पहचान संबंधी कोई जानकारी हो या कोई व्यक्ति पिछले कुछ समय से लापता हो, तो इसकी सूचना निकटतम पुलिस थाना या पुलिस चौकी को दें।