वॉइस ऑफ मीडिया का वार्षिक पत्रकार सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह पिंजौर में संपन्न
बीबीएन, 26 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर स्थित व्हाइट कैसल में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठन वॉइस ऑफ मीडिया के हिमाचल प्रदेश एवं हरियाणा प्रकोष्ठ द्वारा वार्षिक पत्रकार सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं समाजसेवी मनवीर कौर गिल, मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांति स्वरूप गौतम तथा रंजना शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश एवं हरियाणा से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने भाग लिया।
वॉइस ऑफ मीडिया हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि समारोह का उद्देश्य पत्रकारों का सम्मान, संगठनात्मक एकता को मजबूत करना, आपसी सहयोग बढ़ाना तथा समाज के प्रति मीडिया की जिम्मेदारियों को और अधिक सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि वॉइस ऑफ मीडिया विश्व का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठन है, जो पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा, सम्मान तथा निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
मुख्य अतिथि कार्तिकेय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पत्रकार अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे दौर में पत्रकारों के बीच संवाद, सहयोग और संगठनात्मक एकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श भी हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने वॉइस ऑफ मीडिया को अपनी सांसद निधि से ₹1 लाख देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष विकास शर्मा ने हिमाचल प्रदेश एवं हरियाणा से आए सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह और अधिक सफल एवं यादगार बना।








