/WHO ने PGIMER चंडीगढ़ के रिसोर्स सेंटर फॉर टोबैको कंट्रोल को किया सम्मानित

WHO ने PGIMER चंडीगढ़ के रिसोर्स सेंटर फॉर टोबैको कंट्रोल को किया सम्मानित

चंडीगढ़, 26 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा ।

तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए PGIMER चंडीगढ़ के रिसोर्स सेंटर फॉर टोबैको कंट्रोल (RCTC) को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के रीजनल डायरेक्टर स्पेशल रिकॉग्निशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान 25 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित WHO कंट्री ऑफिस में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।

यह पुरस्कार प्रो. सोनू गोयल, अध्यक्ष, रिसोर्स सेंटर फॉर टोबैको कंट्रोल तथा प्रोफेसर, सामुदायिक चिकित्सा एवं स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ, PGIMER चंडीगढ़ ने डॉ. इवान जे. एफ. ह्यूटिन, WHO के भारत में कंट्री रिप्रेजेंटेटिव से प्राप्त किया।

वर्ष 2018 में स्थापित यह केंद्र भारत के राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) को समर्थन देने के उद्देश्य से देश का पहला समर्पित डिजिटल नॉलेज रिपॉजिटरी बनाया गया था। यह तंबाकू नियंत्रण संबंधी कानूनों, सरकारी अधिसूचनाओं, नीतिगत दस्तावेजों, दिशा-निर्देशों और शैक्षणिक सामग्री का व्यापक संग्रह उपलब्ध कराता है।

केंद्र ने राज्यों और राष्ट्रीय संस्थानों को तकनीकी सहयोग देने, इलेक्ट्रॉनिक निकोटिन डिलीवरी सिस्टम (ENDS) पर भारत के प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग, तंबाकू नियंत्रण कानूनों के बेहतर कार्यान्वयन और राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

अब तक RCTC ने 80 से अधिक राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय कार्यशालाओं, वेबिनार, सम्मेलन और परामर्श कार्यक्रमों का आयोजन कर लगभग 19,000 पेशेवरों को प्रशिक्षित किया है।

इसके अलावा केंद्र ने 3 और 6 माह के ऑनलाइन प्रोफेशनल कोर्स शुरू किए हैं तथा 70 से अधिक शोध पत्रों के प्रकाशन में सहयोग दिया है। इसकी द्विमासिक पत्रिका ‘टोबैको-फ्री टाइम्स’ के 45 संस्करण प्रकाशित हो चुके हैं।

इस अवसर पर प्रो. सोनू गोयल ने कहा कि यह सम्मान उन सभी व्यक्तियों और संस्थानों का है, जिन्होंने भारत में तंबाकू नियंत्रण को मजबूत बनाने में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि रिसोर्स सेंटर का उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी को सभी हितधारकों तक पहुंचाना है, ताकि भारत को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा सकें।