17 अक्तूबर तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे दावे और आपत्तियां
नालागढ़, 9 अक्तूबर ,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा।
नगर परिषद नालागढ़ की मतदाता सूचियों का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित कर दिया गया है।
इस संबंध में उपमंडलाधिकारी नालागढ़ ने एक प्रेस वार्ता आयोजित की, जिसमें उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 8 अक्तूबर से 17 अक्तूबर 2025 तक कोई भी व्यक्ति अपने नाम के सम्मिलन, विलोपन या सुधार से संबंधित दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकता है। दावे एवं आपत्तियां संबंधित व्यक्ति द्वारा स्वयं, पंजीकृत डाक के माध्यम से या अधिकृत प्रतिनिधि के जरिए तहसीलदार नालागढ़ को भेजी जा सकती हैं।

उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद को पुनरीक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपमंडलाधिकारी ने बताया कि परिवार के सदस्यों के दावे एक ही व्यक्ति से स्वीकार किए जा सकते हैं, परंतु सामूहिक रूप से दावे और आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।

संशोधन प्राधिकारी इन दावों एवं आपत्तियों पर निर्णय दस दिनों के भीतर, यानी 27 अक्तूबर 2025 तक करेंगे। यदि कोई व्यक्ति इस निर्णय से असंतुष्ट है, तो वह अपील प्राधिकारी के समक्ष आदेश की तिथि से सात दिनों के भीतर, अर्थात 3 नवम्बर 2025 तक, अपील दायर कर सकता है। अपील प्राधिकारी द्वारा इन अपीलों पर निर्णय 10 नवम्बर 2025 तक किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि नगर परिषद नालागढ़ की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 13 नवम्बर 2025 तक या उससे पहले कर दिया जाएगा।
उपमंडलाधिकारी ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने मताधिकार को सुनिश्चित करने के लिए इस अवधि में आवश्यक संशोधन अवश्य करवा लें।










