/विकास खंड नालागढ़ में पंचायती राज संस्थाओं के तीनों चरणों के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न।

विकास खंड नालागढ़ में पंचायती राज संस्थाओं के तीनों चरणों के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न।

राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में प्रातः 8 बजे से शुरू होगी मतगणना।

नालागढ़, 30 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

विकास खंड नालागढ़ में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय एवं अंतिम चरण का मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

यह जानकारी निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने दी।

उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुए इन चुनावों में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाया। तीनों चरणों के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या सामने नहीं आई, जो क्षेत्रवासियों की लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता और विश्वास को दर्शाता है।

नरेंद्र अहलूवालिया ने बताया कि तृतीय चरण के अंतर्गत 26 ग्राम पंचायतों के लिए स्थापित 172 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न करवाई गई। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा तथा चुनाव संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए थे।

उन्होंने कहा कि तृतीय चरण में 26 ग्राम पंचायतों के लिए कुल 38,773 पात्र मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 16,985 पुरुष तथा 16,744 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 86.99 दर्ज किया गया। पुरुष मतदान प्रतिशत 85.87 जबकि महिला मतदान प्रतिशत 88.47 रहा।

महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनकी बढ़ती जागरूकता और सक्रिय सहभागिता को दर्शाती है।

निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में प्रशासन, पुलिस विभाग, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, चुनाव ड्यूटी में तैनात कार्मिकों तथा मतदाताओं के सहयोग की सराहना की।

उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाए जा सके।
उन्होंने बताया कि तृतीय चरण में प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड सदस्य पदों के परिणाम 30 मई को घोषित किए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य पदों की मतगणना 31 मई को राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में प्रातः 8 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।