सोलन, 30 मई
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा ।
जिला सोलन में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों से संबंधित मतगणना 31 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।
मतगणना के तहत जिला परिषद के 10 वार्डों, पंचायत समिति के 78 वार्डों तथा नगर निगम सोलन के 17 वार्डों के चुनाव परिणामों की गणना की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा बीबीएन क्षेत्र को छोड़कर जिले में कुल पांच मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं।
मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस सोलन ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी पांच मतगणना केंद्रों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु व्यापक फ्रिस्किंग प्रबंध किए गए हैं तथा कुल 108 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इनमें त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) भी शामिल हैं। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर एक-एक होमगार्ड रिजर्व नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त सभी स्ट्रॉन्ग रूमों पर सुरक्षा गार्ड पहले से ही तैनात हैं। जिला पुलिस ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे पूर्ण निष्पक्षता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त, नाकाबंदी, यातायात नियंत्रण तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी हेतु अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
जिला पुलिस सोलन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मतगणना प्रक्रिया के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बनाए रखें तथा जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का सहयोग करें।






