नालागढ़ (बद्दी), 11 अक्तूबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
बद्दी और नालागढ़ पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के मुताबिक थाना बद्दी पुलिस ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर करण सिंह पुत्र लेख राम, निवासी गांव बिल्लावाली (उम्र 26 वर्ष) के किराए के कमरे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
तलाशी के दौरान इंपीरियल ब्लू और रॉयल स्टैग ब्रांड की कुल 5 पेटियाँ बरामद हुईं, जिन पर “Sale in Chandigarh” अंकित था। आरोपी के पास बिक्री या भंडारण का कोई वैध परमिट नहीं था।
उधर इसी क्रम में थाना नालागढ़ पुलिस ने रामशहर रोड पर नाका लगाकर एक अल्टो कार (HP64B-2646) को रोका। तलाशी में वाहन से 07 पेटियाँ देसी शराब (84 बोतलें) “For Sale in Himachal Pradesh” अंकित बरामद की गईं। चालक की पहचान सुशील कुमार पुत्र अमर चंद, निवासी सरयाला (कसौली) के रूप में हुई। आरोपी लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने धारा 39(1)(a) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनो मामलों में जांच शुरू कर दी गई है।
दोनों कार्रवाइयों को पुलिस की अवैध शराब तस्करी पर सख्त निगरानी की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।









