शिमला, 25 अक्तूबर ,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी प्रेस बयान में आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार धारा 118 के सरलीकरण के नाम पर प्रदेश के हितों को दांव पर लगा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी सूरत में हिमाचल की भूमि, संस्कृति और संसाधनों की नीलामी नहीं होने देगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने माफिया और व्यापारी मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए धारा 118 में छेड़छाड़ की योजना बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सट्टा और जुआ को वैध करने के बाद अब सरकार प्रदेश के संसाधनों पर भी ‘सट्टा’ लगा रही है। भाजपा इस नीति का कड़ा विरोध करती है और हिमाचलियत की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले धार्मिक संगठनों को भूमि बेचने की छूट दी और अब धारा 118 के नियमों में ढील देने की तैयारी कर रही है। यह प्रदेश की संपत्तियों को निजी स्वार्थ के लिए बेचने का प्रयास है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने पहले भी पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की 40 हेक्टेयर भूमि अपने व्यापारी मित्रों को देने का प्रयास किया था, जिसे न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद रोका गया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार ने उद्योगों से वसूली का ठेका माफिया को दे रखा है, और अवैध खनन के ज़रिए प्रदेश के संसाधनों को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि “प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग जनहित और पर्यावरण संरक्षण के लिए होना चाहिए, न कि कुछ खास लोगों के लाभ के लिए।”
बड़सर दौरे पर सीएम से न मिल पाने पर उठाए सवाल
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बड़सर दौरे पर स्थानीय जनता से मिलने से बचते रहे। उन्होंने कहा कि “सैकड़ों लोग, बुजुर्ग और दिव्यांग मुख्यमंत्री से अपनी समस्याएं साझा करने पहुंचे थे, लेकिन मुख्यमंत्री उनसे मिले बिना शिमला लौट गए।” उन्होंने सवाल उठाया कि लोगों की वृद्धा व सहारा पेंशन क्यों रोकी गई और सरकार ने उन्हें बेसहारा क्यों छोड़ा।
तीन साल में अस्पताल की एक ईंट भी नहीं रखवाई : जयराम ठाकुर
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीन वर्षों में तीन बार बड़सर सिविल अस्पताल को 100 बेड का अस्पताल बनाने की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन आज तक एक ईंट भी नहीं रखी गई। “सड़क से लेकर सदन तक घोषणाएं तो की गईं, पर अमल शून्य रहा,” उन्होंने कहा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के समय शुरू की गई संस्थाओं का श्रेय लेने में सुक्खू सरकार आगे है, लेकिन नई योजनाएं शुरू करने या अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।








