सोलन, 7 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से पुलिस थाना सदर सोलन को 6 नवंबर की शाम सूचना मिली कि बसाल क्षेत्र से लाए गए एक युवक को चिकित्सकों ने जांच के उपरांत brought dead घोषित किया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां आपातकालीन कक्ष में एक युवक मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नितिन जेनवाल (26 वर्ष), पुत्र स्व. महेश कुमार, निवासी बसाल रोड, चंबाघाट, जिला सोलन (हि.प्र.) के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा परिजनों की मौजूदगी में शव का निरीक्षण किया गया, जिसमें किसी भी प्रकार की चोट या खरोंच के निशान नहीं मिले। जांच के दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक नितिन अपने परिवार के साथ एचएफसीएल चंबाघाट के समीप रहता था और ड्राइविंग का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि वह बीमार था और पिछले चार से पांच महीनों से पीजीआई चंडीगढ़ में उसका इलाज चल रहा था।
6 नवंबर की शाम को वह बाथरूम गया, जहां अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। परिवारजन तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने इस घटना पर किसी प्रकार का शक या शंका जाहिर नहीं की है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया है कि मृत्यु बीमारी के कारण हुई प्रतीत होती है।
हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच हर पहलू से जारी रखी है। मृतक का पोस्टमार्टम आज (7 नवंबर 2025) को करवाया जा रहा है। मामले में धारा 194 बीएनएसएस, 2023 के तहत कार्रवाई की जा रही है।







