जिला कुल्लू में जागरूकता कार्यशाला आयोजित
कुल्लू, 26 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग द्वारा जिला कुल्लू में आज एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) सशक्तिकरण हेतु जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य राज्य के छोटे एवं मध्यम उद्यमों को मजबूत बनाना, उद्यमियों को जागरूक करना तथा औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ लगभग 60 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। उद्योग विभाग के विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को एमएसएमई क्लस्टर विकास कार्यक्रम (MSME-CDP) के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही एमएसएमई सामर्थ्य केंद्र, उद्यम-आधारित विकास, प्रतिस्पर्धात्मकता, नवाचार तथा पर्यावरण हितैषी उत्पादन की दिशा में भी उद्यमियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पी.एल. नेगी, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र कुल्लू ने कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को सशक्त बनाने के लिए कई मॉडल लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने में एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बैठक के दौरान रेजिंग एंड एक्सीलरेशन ऑफ एमएसएमई परफॉर्मेंस (RAMP) योजना, उद्योग स्थापना की औपचारिकताएँ, वित्तीय सहायता, मार्केट उपलब्धता, कौशल विकास, निर्यात संवर्धन, सरकारी प्रोत्साहन आदि विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उद्योग विभाग ने राज्य में नवाचार, प्रतिस्पर्धा तथा सतत औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया।








