बीबीएन में — 77 चालान, ₹12,550 जुर्माना
नालागढ़ (बद्दी) 25 नवंबर
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन की पुलिस ने आज पुलिस जिला बद्दी के सभी थानों की टीमों के साथ मिलकर शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं उपयोग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया।
अभियान का उद्देश्य विद्यालयों और कॉलेज परिसरों के पास छात्रों को तंबाकू पदार्थों की उपलब्धता से दूर रखना तथा युवाओं में नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाना था।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न स्थानों पर शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्थित दुकानों, ढाबों, ट्रक यूनियनों, बस अड्डों और सामान्य स्टैंडों की गहन जांच की। जांच में कुछ दुकानों पर तंबाकू उत्पादों की बिक्री होती पाई गई, जिस पर सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 77 चालान जारी किए गए और संबंधित दुकानदारों पर ₹12,550 का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न प्रकार के अवैध तंबाकू उत्पादों के 250 पैकेट मौके पर ही जब्त कर लिए। दुकानदारों को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान से 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बद्दी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं शैक्षणिक संस्थानों के निकट तंबाकू उत्पादों की बिक्री या उपयोग देखा जाए तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए, ताकि युवाओं को नशे के खतरों से बचाया जा सके तथा नशे के स्रोतों को समाप्त किया जा सके।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के प्रयास और अधिक मजबूत हो सकें और युवा पीढ़ी तंबाकू एवं नशे की लत से सुरक्षित रहे।








