/हेरीटेज पार्क नालागढ़ में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

हेरीटेज पार्क नालागढ़ में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस


नालागढ़, 22 जून,
हिम नयन न्यूज़* ब्यूरो/ वर्मा ।

आयुष विभाग उपमंडल नालागढ़ द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हेरीटेज पार्क नालागढ़ में विशेष योग

कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में विधायक हरदीप सिंह बाबा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

विधायक ने युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल, योग व अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा नशा रोकथाम के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्त हिमाचल के संकल्प के तहत नशे के विरुद्ध शपथ भी दिलाई गई।

उपमंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज जुल्का ने कहा कि योग केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का नियमित हिस्सा बनाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रतिदिन योग और प्राणायाम करने से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है।

कार्यक्रम में तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद, आयुष विभाग के चिकित्सकों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। योग दिवस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।