/पुलिस रात्रिकालीन नाकाबंदी जारी, 1000 से अधिक वाहन जांचे

पुलिस रात्रिकालीन नाकाबंदी जारी, 1000 से अधिक वाहन जांचे

Operation Night Dominance के तहत

नालागढ़(बद्दी), 06 दिसंबर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा

पुलिस जिला बद्दी में शुक्रवार रात Operation Night Dominance के अंतर्गत व्यापक स्तर पर रात्रिकालीन नाकाबंदी और वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य जिले में अपराध नियंत्रण, नशा रोकथाम, सड़क सुरक्षा तथा रात्रि समय में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के नेतृत्व में सभी थाना व चौकियों की पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, हाईवे मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में नाके स्थापित कर सघन जांच की। इस दौरान 1000 से अधिक वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध 112 चालान मोटर व्हीकल एक्ट एवं 12 चालान COTPA अधिनियम के तहत जारी किए गए।

अभियान के दौरान ASP बद्दी अशोक वर्मा ने रात में ही विभिन्न नाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं, दस्तावेज़ जांच प्रक्रिया तथा पुलिस कर्मियों की तैनाती का जायज़ा लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक उन्होंने मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए रात्रिकालीन गश्त, ट्रैफिक अनुशासन, नशा रोकथाम एवं अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए पुलिस बल को निर्देशित किया।

इस अभियान का नेतृत्व SP विनोद धीमान, ASP अशोक वर्मा तथा DSP बद्दी योगराज चंदेल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। व्यापक पुलिस उपस्थिति से क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ एवं असामाजिक तत्वों में नियंत्रण व भय की स्थिति उत्पन्न हुई।

पुलिस जिला बद्दी ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराएं।