बद्दी 11 दिसम्बर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए गए एंटी-चिट्टा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 11-12-2025 को उप पुलिस अधिक्षक, बद्दी योगराज चंदेल, द्वारा, अटल शिक्षा कुंज कालूझंडा स्थित ICFAI यूनिवर्सिटी में चिट्टा के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया ।

मिली जानकारी के मुताबिक अपने संबोधन में योगराज चंदेल, ने युवाओं को चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि परिवार और समाज को भी गहरी क्षति पहुँचाता है ।

उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, अपने साथियों को भी इसके प्रति सजग करें और नशा-मुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ ।
कार्यक्रम के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में यूनिवर्सिटी के छात्र एवं छात्राओं द्वारा एक एंटी-चिट्टा रैली का भी आयोजन किया गया ।

रैली के माध्यम से समाज में नशा-मुक्ति का संदेश और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया ।
गौरतलब है कि जिला पुलिस बद्दी द्वारा जिला भर के सभी शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार के एंटी-चिट्टा जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे है और जो भविष्य में भी जारी रहेंगे ।








