/नालागढ़ पुलिस ने अवैध हथियार सहित एक आरोपी को किया गिरफ्तार।

नालागढ़ पुलिस ने अवैध हथियार सहित एक आरोपी को किया गिरफ्तार।

नालागढ़ 2 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

औद्योगिक नगरी के नालागढ़ क्षेत्र के हांडा खुंडी में गोली चलने के कथित मामले के बाद पुलिस ने वैध एवं अवैध हथियार रखने वालों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है।

इसी क्रम में पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक युवक को देसी कट्टे व जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, ने बताया कि नालागढ़ पुलिस ने पंजाब निवासी एक युवक के कब्जे से एक अदद देसी कट्टा तथा एक अदद जिंदा राउंड बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेजर सिंह, पुत्र श्री फूमन सिंह, निवासी गांव एवं डाकघर चंदपुर बेला, तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रोपड़ (पंजाब) के रूप में हुई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस बरामदगी के संबंध में आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना नालागढ़ में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगामी जांच जारी है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी यह अवैध हथियार कहां से लेकर आया था तथा इसके साथ अन्य कौन-कौन व्यक्ति संलिप्त हैं।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधीक्षक, बद्दी विनोद धीमान,ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।