नालागढ़, 3 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्म
पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नालागढ़ की पुलिस चौकी जोघों की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
गश्त के दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि बगलेहड़ क्षेत्र में शिवालिक स्टोन क्रशर के पीछे खेतों में अवैध खनन किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस चौकी जोघों के प्रभारी एएसआई पुनीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। मौके पर पाया गया कि खेतों के बीच अवैध रूप से खनन किया जा रहा था तथा वहां एक बड़ा गड्ढा बन चुका है।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मशीन एवं डंपर सहित मौके से फरार हो गए।

खनन विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण करने पर यह स्पष्ट किया गया कि उक्त भूमि पर खनन के लिए कोई भी वैध पट्टा स्वीकृत नहीं है। इसके उपरांत पुलिस थाना नालागढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं माइनिंग एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी तथा अवैध खनन में प्रयुक्त मशीन एवं डंपर की बरामदगी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी श्री विनोद धीमान ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति के तहत इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।










