ग्राम पंचायत मानपुरा के गांव खरूणी में सुनीं जन समस्याएं
नालागढ़ 3 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही विकास के लाभ को शीघ्रता से आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।

वह गत दिवस ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मानपुरा के गांव खरूणी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।

विधायक ने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन को गांव स्तर तक सशक्त बनाना तथा लोगों की समस्याओं का घर-द्वार पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति दे रही है और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।

खरूणी गांव में सिंचाई समस्या पर संज्ञान लेते हुए विधायक ने लगभग 40 लाख रुपये की लागत से नया ट्यूबवेल स्थापित करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि पुराने ट्यूबवेल की खराब मोटर को बदल दिया गया है, जिससे पेयजल एवं सिंचाई आपूर्ति में सुधार आएगा और किसानों को पर्याप्त सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने शिवालिक स्कूल से मोक्षधाम तक संपर्क मार्ग को 20 लाख रुपये की लागत से बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के माध्यम से निर्मित करवाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त गांव में सीवरेज व्यवस्था सुदृढ़ करने, पाइप लाइन बिछाने तथा गलियों को पक्का करने के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
विधायक ने गांव में स्नानागार निर्माण, प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ीकरण तथा सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य को सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व) के माध्यम से करवाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही गांव में लगभग 65 लाख रुपये के विकासात्मक कार्य आरंभ किए जाएंगे, जिससे आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि वे दून विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस अवसर पर जल शक्ति विभाग बद्दी के अधिशाषी अभियंता राहुल अब्रोल, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के एसडीओ दिग्विजय सिंह, ग्राम पंचायत खरूणी के पूर्व उपप्रधान लखविंदर सिंह, ज्ञानचंद ठाकुर, गुरमेल सैनी, समाजसेवी चन्नी, प्रिंस, मक्खन सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।









