/झगटन में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार।

झगटन में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार।

शिमला (जुब्बल), 25 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के जिला शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जुब्बल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की गई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला मंडल झगटन की सतर्कता और सूचना के आधार पर 23 अप्रैल को थाना जुब्बल पुलिस टीम ने बडेश (गांव झगटन के समीप) में सवाड़ा बाजार की ओर से आ रही कार संख्या HP-01A-9727 को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 84 बोतल अवैध देशी शराब (7 पेटियां) बरामद की गई।

इसमें 36 बोतल सुपर संतरा, 24 बोतल नाटी नंबर-1 और 24 बोतल संतरा नंबर-1 शामिल हैं।


मामले में शेर सिंह पुत्र अमर सिंह, निवासी सैज कुनैन, जिला देहरादून (उत्तराखंड) वर्तमान निवासी मंडल कैंची तथा इंद्र सिंह पंता पुत्र गुलाब सिंह, निवासी गांव धाड़ी घुंसा, तहसील जुब्बल को गिरफ्तार किया गया है।


इस संबंध में अभियोग संख्या 20/2026 के तहत धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत थाना जुब्बल में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।


पुलिस ने इस कार्रवाई में सहयोग के लिए महिला मंडल झगटन की सराहना करते हुए आम लोगों से भी अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।