शिमला 25 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
शिमला की सामाजिक संस्था नृत्यांजलि के अध्यक्ष हिमांशु कुमरा ने अपनी शादी की वर्षगांठ को प्रेरणादायक अंदाज में मनाते हुए समाजसेवा की मिसाल पेश की।

उन्होंने अपनी धर्मपत्नी और बेटे के साथ सुन्नी स्थित सरकारी विद्यालय पहुंचकर करीब 70 छोटे बच्चों को किताबें भेंट कीं और उनके साथ पूरा दिन बिताकर अपनी सालगिरह मनाई।

इस अवसर पर हिमांशु कुमरा ने बच्चों के बीच रहकर अपने बचपन की यादों को महसूस किया और उनके साथ समय बिताकर खुशी साझा की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षिका सवीना और पूरे स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में सम्मानित करते हुए हिमाचली टोपी और मफलर पहनाकर सम्मानित किया।
हिमांशु कुमरा ने विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए सदैव यादगार रहेगा।

विद्यालय में बच्चों के साथ समय बिताने के बाद हिमांशु कुमरा अपने परिवार सहित वृद्धाश्रम बसंतपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बुजुर्गों को फल वितरित कर उनका आशीर्वाद लिया।








