/एचआरटीसी पेंशन में देरी और केएनएच शिफ्टिंग पर सरकार घिरी : जय राम ठाकुर।

एचआरटीसी पेंशन में देरी और केएनएच शिफ्टिंग पर सरकार घिरी : जय राम ठाकुर।

शिमला, 1मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने एचआरटीसी पेंशन में देरी और केएनएच से गायनी विभाग की शिफ्टिंग को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है।


उन्होंने कहा कि अप्रैल माह समाप्त होने को है, लेकिन एचआरटीसी पेंशनरों को अभी तक पेंशन नहीं मिली है। सरकार द्वारा तय 15 तारीख की समयसीमा भी लगातार टूट रही है, जिससे पेंशनरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पेंशन के साथ-साथ पिछले तीन वर्षों से मेडिकल बिलों का भुगतान भी लंबित है, जिससे पेंशनर आर्थिक संकट में हैं।


जय राम ठाकुर ने कमला नेहरू अस्पताल से गायनी विभाग को आईजीएमसी शिफ्ट करने के फैसले को “तुगलकी” बताते हुए कहा कि इस निर्णय से महिलाओं को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त तैयारी के लिए गए इस फैसले के कारण मरीजों की सुरक्षा तक खतरे में पड़ रही है।


उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि रोबोटिक सर्जरी के नाम पर विभाग को शिफ्ट किया गया, लेकिन अब तक एक भी सर्जरी नहीं हुई है, जबकि सर्जरी पर अतिरिक्त शुल्क लगाया गया है।


नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से मांग की कि पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।