सोलन (धर्मपुर), 2 मई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
पुलिस थाना धर्मपुर, जिला सोलन की टीम ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 मई 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गाँव बठोल स्थित एक घर में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद दो युवकों के कब्जे से कुल 4 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।

आरोपियों की पहचान रवि कुमार पुत्र श्री सोहन लाल तथा राहुल पुत्र स्वर्गीय श्री डैविड, दोनों निवासी गाँव बठोल, डाकघर धर्मपुर, तहसील कसौली, जिला सोलन (हि.प्र.) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी रवि कुमार के खिलाफ पहले भी चिट्टा/हेरोइन से संबंधित एक मामला दर्ज है, जिसमें उसके कब्जे से 14.19 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया था।
वहीं, दूसरे आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी है।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की गई तथा उन्हें BNSS की धारा 35(3) के तहत पाबंद किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।








