/सोलन पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित।

सोलन पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित।

लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश

सोलन, 7 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

पुलिस लाइन सोलन के सभागार (कॉन्फ्रेंस हॉल) में आज जिला स्तरीय मासिक अपराध समीक्षा एवं पुलिस जवानों के वेलफेयर संबंधी बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में जिला सोलन के सभी पर्यवेक्षक अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वर्ष 2026 में जिला में दर्ज एवं घटित आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों और थाना प्रभारियों को थानों में लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाकर अंतिम रिपोर्ट माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।

बैठक में थाना एवं चौकी प्रभारियों को संगीन अपराधों, मादक पदार्थों की तस्करी तथा साइबर अपराधों पर कड़ी निगरानी रखने और इन मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आम नागरिकों, युवाओं तथा शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव और साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।

बैठक में पुलिस कर्मियों के वेलफेयर से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

सभी पुलिस कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी ईमानदारी, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ निभाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार, उपमंडल पुलिस अधिकारी परवाणू अनिल कुमार शर्मा, उपमंडल पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा तथा उप पुलिस अधीक्षक (लीव रिजर्व) सोलन अशोक चौहान सहित सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और पुलिस लाइन सोलन के कर्मचारी मौजूद रहे।