/युवक से मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।

युवक से मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।

शिमला (कुमारसैन), 13 मई
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा ।

जिला शिमला पुलिस द्वारा व्यक्ति के घायल होने संबंधी मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला पुलिस थाना कुमारसैन में अभियोग संख्या 35/2026 के तहत धारा 109, 118(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सौरभ ठाकुर निवासी संजौली, शिमला ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने परिचित राहुल निवासी कुमारसैन के साथ वाहन संबंधी कार्य से विभिन्न स्थानों पर गया था। बाद में दोनों एक अन्य व्यक्ति के साथ वाहन में सैंज से सुन्नी रोड की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में आपसी कहासुनी हो गई, जिसमें शिकायतकर्ता घायल हो गया।
घटना के बाद घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन पहुंचाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया।

मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 109 बीएनएस भी जोड़ दी है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा मामले में नामजद आरोपी विक्रांत पुत्र सुभाष चंद निवासी गांव शेलग, डाकघर फराल, तहसील कुमारसैन तथा राहुल पुत्र स्वर्गीय पन्ना लाल निवासी गांव लवाण, डाकघर किंगल, तहसील कुमारसैन को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

मामले की आगामी जांच जारी है।