नालागढ़, 25 मई
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा
सोशल मीडिया पर नालागढ़ क्षेत्र में HRTC बस चालक और परिचालक के साथ मारपीट से संबंधित एक वीडियो वायरल होने के बाद नालागढ़ पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियोग दर्ज कर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 मई 2026 को पुलिस थाना नालागढ़ में शिकायत दर्ज कर मामला पंजीकृत किया गया। शिकायत में बताया गया कि HRTC बस संख्या HP64-7440, जो शिमला से बैजनाथ रूट पर जा रही थी, द्वारा एक कार को ओवरटेक करने के बाद विवाद उत्पन्न हो गया।

आरोप है कि कार सवार व्यक्तियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर खेड़ा के समीप HRTC बस को रुकवाया तथा बस चालक अमर चंद और परिचालक सुमित शर्मा के साथ मारपीट की। घटना के दौरान सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया और बस के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए गए।
घटना में घायल चालक और परिचालक का चिकित्सीय परीक्षण सीएचसी नालागढ़ में करवाया गया। शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस थाना नालागढ़ में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 126(2), 121(1), 118(1) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम (PDP Act) की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






