कई ग्राम सभाओं में 50 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज।
नालागढ़ 26 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र में पंचायती राज चुनाव के तहत मतदान के दौरान मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
सुबह 7 बजे से 11 बजे तक प्राप्त मतदान आंकड़ों के अनुसार अधिकांश ग्राम सभाओं में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार पट्टा पंचायत में सुबह 11 बजे तक कुल 57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं मलैणी पंचायत में 49 प्रतिशत, राजपुरा पंचायत में 34 प्रतिशत, परगना जीतनगर पंचायत में 33 प्रतिशत, लेहरू पंचायत में 53 प्रतिशत, गुलेरवाला पंचायत में 48 प्रतिशत, कोठी पंचायत में 43 प्रतिशत, साईं पंचायत में 38 प्रतिशत तथा पट्टी पंचायत में लगभग 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
महिला मतदाताओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही और कई मतदान केंद्रों पर महिलाओं की संख्या पुरुष मतदाताओं के बराबर या उससे अधिक दर्ज की गई। चुनाव अधिकारियों के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से जारी रहा।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। दोपहर बाद मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।






