बद्दी, 16 जून ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बद्दी पुलिस ने “ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट” के तहत बिना नंबर प्लेट के चल रहे दोपहिया वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान 20 दोपहिया वाहनों को जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान का संचालन एसडीपीओ नालागढ़ के पर्यवेक्षण में पुलिस थाना नालागढ़ और यातायात पुलिस (टीटीआर) नालागढ़ की संयुक्त टीमों द्वारा किया गया।

इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान सार्वजनिक सड़कों पर बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रहे 20 दोपहिया वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिना नंबर प्लेट के वाहन न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि किसी अपराध में इस्तेमाल होने की स्थिति में उनकी पहचान करने में भी कठिनाई उत्पन्न करते हैं।
बद्दी पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप वैध नंबर प्लेट लगाएं तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना नंबर प्लेट अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
बद्दी पुलिस ने सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।










