/शिमला पुलिस द्वारा पंजाब से 309 ग्राम हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार।

शिमला पुलिस द्वारा पंजाब से 309 ग्राम हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार।

शिमला, 16 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चिट्टे (हेरोइन) की अंतर्राज्यीय सप्लाई चेन का भंडाफोड़ किया है। मामले में पंजाब के खरड़ निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 309 ग्राम हेरोइन और 61,900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सदर शिमला में 10 जून 2026 को दर्ज एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में राहुल ठाकुर निवासी धर्मपुर, जिला मंडी के कब्जे से लगभग 7 ग्राम चिट्टा और 23 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, व्हाट्सएप चैट और वित्तीय लेन-देन का गहन विश्लेषण किया, जिससे चिट्टे की सप्लाई चेन तक पहुंचने में सफलता मिली।

जांच में सामने आया कि बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति पंजाब के खरड़ निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी कर रहा था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 13 जून को खरड़ में दबिश देकर आरोपी के ठिकाने से 309 ग्राम हेरोइन तथा 61,900 रुपये नकद बरामद किए और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से ही ग्राहकों और सहयोगियों से संपर्क करता था।

वह मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त धनराशि अपने बैंक खाते में न लेकर दोस्तों और परिजनों के खातों में जमा करवाता था तथा बाद में स्वयं नकदी निकाल लेता था।

पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 316 ग्राम हेरोइन बरामद की जा चुकी है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।

मामले में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।