/अभाविप पंजाब प्रांत का चार दिवसीय अभ्यास वर्ग संगरूर में शुरू

अभाविप पंजाब प्रांत का चार दिवसीय अभ्यास वर्ग संगरूर में शुरू

पंजाब (संगरूर), 19 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो वर्मा।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) पंजाब प्रांत का चार दिवसीय वार्षिक अभ्यास वर्ग साधु आश्रम सर्वहितकारी सीनियर सेकेंडरी विद्या मंदिर, संगरूर में शुरू हो गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक 18 से 21 जून तक आयोजित इस अभ्यास वर्ग में पंजाब भर से सैकड़ों कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। वर्ग का उद्देश्य संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, वैचारिक स्पष्टता तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना है।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उत्तर क्षेत्र संगठन मंत्री गौरव अत्री ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ता निर्माण तथा छात्र हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अभ्यास वर्ग के दौरान विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन के साथ-साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियों की भी घोषणा की जाएगी।

इस अवसर पर पंजाब प्रदेशाध्यक्ष डॉ. प्रशांत गौतम, प्रदेश सचिव जसकरण भुल्लर सहित अन्य पदाधिकारियों का पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के ज्वाइंट सेक्रेटरी स्वस्तिक गौतम ने स्वागत एवं सम्मान किया।

उद्घाटन सत्र में संगठन मंत्री शमशेर सिंह चौहान, जिला संगठन सचिव परविंदर नेगी, पीयू यूनिट अध्यक्ष आशीष कुमार, सोशल मीडिया इंचार्ज लावण्या, मोक्ष गर्ग, प्रिया शर्मा तथा अनुराग भंडारी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अभाविप के इस प्रांतीय अभ्यास वर्ग में आगामी सत्रों के दौरान संगठन विस्तार, छात्र नेतृत्व विकास, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, सामाजिक सहभागिता तथा विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की जाएगी।