/अर्की में धक्का देने से महिला की मौत, हत्या के आरोप में आरोपी गिरफ्तार

अर्की में धक्का देने से महिला की मौत, हत्या के आरोप में आरोपी गिरफ्तार


सोलन (अर्की), 29 जुलाई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की थाना क्षेत्र के गांव कुइरू में मारपीट के दौरान एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, 27 जुलाई को डायल-112 के माध्यम से पुलिस सूचना मिली कि अनु नामक व्यक्ति शुभम और उसकी मां के साथ मारपीट कर रहा है। घायल मीना देवी (52), पत्नी गोविंद राम, निवासी गांव कुइरू को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अर्की ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शुभम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह शाम के समय घर के पास टहलकर लौट रहा था। इसी दौरान गांव का अनु उर्फ हरदीश कुमार उससे उलझ गया और उसका गला पकड़ लिया। वह किसी तरह बचकर भागा और अपनी मां को फोन कर मौके पर बुलाया।

जब उसकी मां मीना देवी और पत्नी वहां पहुंचीं और विवाद का कारण पूछने लगीं तो आरोपी ने दोबारा शुभम पर हमला किया तथा शराब की बोतल से वार करने का प्रयास किया।

शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने आई मीना देवी को आरोपी ने धक्का दे दिया, जिससे वह करीब 10 फीट नीचे मकान के आंगन में गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

आरोपी ने शुभम की पत्नी को भी धक्का दिया, जिससे वह भी गिर गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर संख्या 76/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज किया।

घटनास्थल का निरीक्षण एसएफएसएल जुंगा की विशेषज्ञ टीम से कराया गया और वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए।
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हरदीश कुमार उर्फ हनी (48), पुत्र विजय सिंह, निवासी गांव कुइरू, तहसील अर्की को 28 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।