जांच निष्पक्ष व नियमानुसार जारी
शिमला 30 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
शिमला पुलिस ने कांस्टेबल दिनेश कुमार के परिजनों की प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों पर स्पष्टीकरण जारी किया है।
पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को कालरा धार में हुई घटना की जांच में तत्कालीन एसएचओ चौपाल और कांस्टेबल दिनेश कुमार पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, पैसे व सामान छीनने तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप सही पाए गए।
पुलिस ने बताया कि एसएचओ के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि दिनेश कुमार को पहले पर्याप्त अवसर दिए गए।
ननखड़ी में ड्यूटी के आदेश का समय पर पालन न करने, विभागीय आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता तथा वरिष्ठ अधिकारियों पर अनुचित दबाव बनाने के प्रयासों के चलते उन्हें निलंबित कर नियमित विभागीय जांच शुरू की गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप चल रही है तथा कांस्टेबल को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है।
जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।









