पुलिस हाई अलर्ट पर
शिमला(धर्मशाला), 30 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित केंद्रीय विद्यालय योल को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कांगड़ा पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक बम सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad), डॉग स्क्वाड तथा पुलिस की टीमों ने विद्यालय परिसर की गहन तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस ने धमकी भरे ई-मेल की साइबर जांच शुरू कर दी है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। एहतियात के तौर पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। स्वतंत्रता दिवस से पहले संवेदनशील संस्थानों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
कांगड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच जारी है।









