मंडी के रहने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार।
शिमला (ठियोग), 30 जुलाई
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
शिमला पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस थाना कोटखाई में दर्ज एसीएसआर एल्यूमिनियम कंडक्टर तार चोरी के मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोटखाई में अभियोग संख्या 62/2026 दिनांक 18 जुलाई 2026 को धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता ने बताया था कि विद्युत उपमंडल कोटखाई क्षेत्र में एचटी लाइन निर्माण कार्य के लिए लाई गई लगभग 8 क्विंटल एसीएसआर एल्यूमिनियम कंडक्टर तार, जिसकी अनुमानित कीमत 2.5 से 3 लाख रुपये थी, 12/13 जुलाई की रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एएनपीआर और सीसीटीवी फुटेज सहित विभिन्न तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
संदिग्ध वाहनों की पहचान के बाद पुलिस टीम ने जिला मंडी में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज (27) निवासी भ्युली, जिला मंडी, आकाश (24) निवासी दयारगी, तहसील बल्ह, जिला मंडी तथा राहुल निवासी भ्युली, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक पिकअप वाहन तथा 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
तीनों आरोपियों को एसीजेएम ठियोग की अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है।









