पुलिस कार्यप्रणाली से हुए रूबरू ।
नालागढ़, 30 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हिमाचल के पुलिस थाना नालागढ़ द्वारा सामुदायिक जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजपुरा के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराना तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करना था।
इस दौरान थाना प्रभारी एवं पुलिस कर्मियों ने विद्यार्थियों को पुलिस की जिम्मेदारियों और कार्यशैली की जानकारी दी। छात्रों को थाने के रिसेप्शन, रिपोर्टिंग डेस्क, रिकॉर्ड रूम, लॉक-अप तथा जांच कक्ष का भ्रमण कराया गया और रिकॉर्ड संधारण की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशा निवारण तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से नशे और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया।
बद्दी पुलिस ने बताया कि विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पुलिस-जन सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भविष्य में भी शिक्षण संस्थानों के साथ इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।









